आशीष श्रीवास्तव
इटावा (बकेवर)। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने शादी वाले घर के उल्लास को मातम में बदल दिया। बकेवर थाना क्षेत्र के महेवा कस्बे में एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा घुसी। इस हादसे में बाइक चला रहे 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो भाई गंभीर रूप से घायल हैं।

ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात के थाना रुरा अंतर्गत गहोबा गांव निवासी सूरज (19) अपने छोटे भाई तुलसीराम और चचेरे भाई अरविंद के साथ बाइक से भरथना जा रहा था। वे सभी रमायन गांव में अपनी बुआ के बेटे की शादी में शामिल होने जा रहे थे। शाम करीब 6 बजे महेवा कस्बे में एक पेट्रोल पंप के पास सूरज ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर से जा टकराई।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। पीछे से दूसरी बाइकों पर आ रहे परिवार के अन्य सदस्यों ने तत्काल ऑटो की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ डॉक्टरों ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। तुलसीराम और अरविंद का उपचार अभी जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बकेवर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने सूरज के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


