विशाल मिश्रा
इटावा। शहर के पक्का तालाब क्षेत्र में सोमवार दोपहर सनसनीखेज घटना सामने आई। गामा देवी मंदिर के पीछे करीब तीस फीट गहरे गड्ढे में दो युवक संदिग्ध हालत में पड़े मिले। मौके पर मौजूद लोगों ने देखा कि एक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। 
पुलिस ने मृतक युवक की शिनाख्त शिव प्रताप (33) पुत्र लाल सिंह भदोरिया, निवासी शिवा कॉलोनी, थाना सिविल लाइन इटावा के रूप में की। घायल युवक आकाश वर्मा, पुत्र राकेश वर्मा, निवासी प्रभु अड्डा शांति कॉलोनी, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी है। दोनों बचपन के दोस्त थे और साथ पढ़े थे। रविवार शाम दोनों प्रदर्शनी देखने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि दोनों प्रदर्शनी स्थल के पास साईं मंदिर के पास पहुंचे थे। देर रात गामा देवी मंदिर के पीछे गहरे गड्ढे में पड़े होने की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। शिव प्रताप की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आकाश वर्मा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। स्थिति नाजुक होने पर परिजनों ने उसे आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत कोमा में बताई जा रही है। मृतक के बहनोई रिंकू तोमर ने बताया कि घटनास्थल से शराब की बोतल और जूते मिले, जबकि शिव प्रताप की गले की सोने की चेन गायब थी। परिजन का कहना है कि आकाश वर्मा का अपनी ससुराल पक्ष से तलाक का विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि ससुराल पहुंचने के बाद किसी तरह का विवाद हुआ और उसके बाद यह घटना हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, और परिजनों की मांग पर हत्या और हादसा दोनों एंगल से मामले की जांच की जा रही है।


