–
उवैस चौधरी/विशाल मिश्रा
इटावा– बरेली हाईवे पर स्थित बसरेहर कस्बे के एक पेट्रोल पंप पर सोमवार दोपहर पेट्रोल भराने में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप धारण कर गया। आरोप है कि पंप कर्मचारियों ने न केवल उपभोक्ता के साथ अभद्रता की, बल्कि उसके परिजनों को भी लाठी-डंडों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मारपीट का पूरा घटनाक्रम पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है।
जानकारी के अनुसार, बसरेहर निवासी बृजेश पोरवाल का पुत्र विशाल उर्फ गोलू दोपहर करीब ढाई बजे पेट्रोल भरवाने पंप पर पहुंचा था। विशाल का आरोप है कि भुगतान पहले ही कर देने के बावजूद कर्मचारी पेट्रोल भरने में अनावश्यक देरी कर रहे थे। विरोध करने पर कहासुनी हुई और एक कर्मचारी ने कथित रूप से पैसे उसके मुंह पर फेंक दिए।
विवाद बढ़ने पर कर्मचारियों ने विशाल पर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही उसके परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उन्हें भी पंप कर्मचारियों ने बुरी तरह पीटा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कर्मचारी कई मिनट तक युवकों को दौड़ाकर मारते रहे।
मारपीट में चार लोग घायल हुए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी की हालत स्थिर है।
मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही स्थानीय लोगों में रोष फैल गया। देखते ही देखते पंप पर भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ने से पहले पुलिस मौके पर पहुंची और हालात नियंत्रित किए।
थाना बसरेहर पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार पंप कर्मचारियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की।


